दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत महामायापारा (वार्ड क्रमांक-4) में रविवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका दुर्गा यादव (22) और आरोपी घनश्याम यादव (25) की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। दोनों का छह महीने का एक बेटा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी था और पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर घनश्याम ने घर में रखे हंसिया से पत्नी के माथे, गले और पीठ पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दुर्गा को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर संदेह किए जाने की बात सामने आई है। इसी कारण दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक घटना में बदल गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
