रायगढ़, 2 सितंबर 2026। रायगढ़ पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत वाहन चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 29 वर्षीय विकास कुमार चौहान, निवासी चुहकीमार, थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथी के साथ बाइक और मोबाइल चोरी की वारदात में शामिल था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। खास बात यह रही कि आरोपी एक YouTube चैनल भी चलाता था, जिसके जरिए पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
बाइक के साथ मोबाइल भी हुआ था चोरी
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को बसंत राठिया (37) ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह 29 जून को खाद लेने के लिए घरघोड़ा आया था और अपनी मोटरसाइकिल CG-13-UA-3703 को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया था।
बाइक के हैंडल में एक झोला टंगा था, जिसमें उसका रेडमी मोबाइल फोन रखा हुआ था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
निगरानी बदमाश से मिली अहम जानकारी
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए घरघोड़ा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा (34) चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है।
पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर महेश पैंकरा को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने महेश के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर लिया।
YouTube चैनल पर भी रखी जा रही थी नजर
घटना के बाद विकास चौहान लगातार फरार था। पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि विकास YouTube चैनल चलाता है और YouTuber है।
इसके बाद पुलिस ने उसके YouTube चैनल और ऑनलाइन गतिविधियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश जारी रही।
गांव में मौजूद होने की सूचना मिलते ही दबिश
पुलिस को 1 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि विकास चौहान अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल गांव में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान विकास ने भी अपने साथी महेश पैंकरा के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत लगातार कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत निगरानी बदमाशों, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घरघोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई में न सिर्फ चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद किए गए, बल्कि घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी को भी सक्रिय मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के जरिए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्योराम पटेल और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
