गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक प्राथमिक स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। गणित के सवाल का जवाब नहीं दे पाने पर शिक्षक द्वारा आठ वर्षीय छात्रा की पिटाई किए जाने का आरोप है। घटना के बाद बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
गणित का जवाब नहीं देने पर थप्पड़ मारने का आरोप
मामला फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम भेंडरी स्थित प्राथमिक शाला का है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार, 7 अक्टूबर को कक्षा तीसरी में पढ़ाई के दौरान शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों से गणित का सवाल पूछा। आरोप है कि आठ वर्षीय छात्रा साधना सवाल का जवाब नहीं दे पाई, जिसके बाद शिक्षक ने उसके गाल पर थप्पड़ मारे।
स्कूल से घर लौटने पर परिजनों ने बच्ची के चेहरे पर लाल निशान देखे। पूछने पर छात्रा ने उन्हें घटना के बारे में बताया। बच्ची के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से वह डरी-सहमी है और उसे खाने-पीने तथा रात में सोने में भी परेशानी हो रही है।
DEO ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है। समिति को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षक ने स्वीकार की गलती, मांगी माफी
शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने छात्रा को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की है। उनके अनुसार, छात्रा गणित के सवाल का जवाब नहीं दे पा रही थी और गुस्से में उन्होंने उसे एक-दो थप्पड़ मार दिए। शिक्षक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने देने का आश्वासन दिया है।
परिजनों और ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
छात्रा के पिता वेदव्यास ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के बाद से उनकी बेटी भयभीत है और सामान्य रूप से खाना-पीना तथा सोना भी उसके लिए मुश्किल हो रहा है।
वहीं, ग्रामीण श्यामगिरि गोस्वामी ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक पहले भी विद्यार्थियों के साथ मारपीट कर चुके हैं। पूर्व सरपंच थानेश साहू ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
राज्यपाल सम्मान प्राप्त शिक्षक पर लगे आरोप से उठे सवाल
बताया गया है कि शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी को राज्यपाल सम्मान मिल चुका है। ऐसे में छात्रा के साथ कथित मारपीट और शिक्षक द्वारा गलती स्वीकार किए जाने के बाद स्कूलों में बच्चों के साथ व्यवहार तथा उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
