18 C
Raipur
Sunday, October 25, 2026

खाना बनाने से इनकार पर पत्नी की हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार; फावड़े से किया था हमला

Chhattisgarhखाना बनाने से इनकार पर पत्नी की हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार; फावड़े से किया था हमला

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या के मामले में पुसौर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 41 वर्षीय रूप कुंवर महंत के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम अमृत लाल महंत बताया गया है। पुलिस के अनुसार, खाना बनाने और रिश्तेदार के घर जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पति ने फावड़े से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ड्यूटी से घर लौटा बेटा, अचेत मिली मां

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम सूपा निवासी सूरज दास महंत (25) ने 11 अक्टूबर को पुसौर थाने में घटना की सूचना दी थी। सूरज ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह अडानी प्लांट में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा था। वहां उसकी मां रूप कुंवर महंत परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। पिता अमृत लाल महंत भी पास में बैठे हुए थे।

मां को हिलाने पर कोई हलचल नहीं हुई। उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में भी कई जगह खून के छींटे दिखाई दे रहे थे। इसके बाद सूरज ने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

परिजन रूप कुंवर महंत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात बताया गया।

इसके आधार पर पुसौर पुलिस ने अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर में मिले खून के निशान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम ने घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर मिले खून के निशानों की जांच की।

घटनास्थल से एक फावड़ा और लकड़ी का डंडा भी मिला। पुलिस ने इन वस्तुओं पर मौजूद संदिग्ध निशानों की जांच की। प्रारंभिक जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पति से पूछताछ की।

खाना बनाने और रिश्तेदार के घर जाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी अमृत लाल महंत ने बताया कि घटना वाली रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने फावड़े से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अमृत लाल महंत का रक्तचाप काफी बढ़ गया था, जिसके कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़ा, आरोपी के कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

घरेलू हिंसा के मामलों में सख्त कार्रवाई: SSP

रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

इस कार्रवाई में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय, आरक्षक राहुल सिदार और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles