रायपुर। नवरात्रि की सप्तमी के अवसर पर रायपुर के टिकरापारा स्थित आरडीए कॉलोनी में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। संघर्षशील दुर्गोत्सव समिति की ओर से आयोजित महाआरती में राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
महाआरती के दौरान वीरेंद्र सिंह तोमर ने मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत पूजा की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मां के प्रत्येक स्वरूप की अपनी विशेष महिमा है और सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। मां कालरात्रि को शक्ति, साहस और नकारात्मक शक्तियों के विनाश का प्रतीक माना जाता है।
तोमर ने मातारानी से प्रार्थना करते हुए कहा कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में शांति, सद्भाव एवं खुशहाली कायम रहे। उन्होंने विशेष रूप से कामना की कि नवरात्रि का यह पावन पर्व टिकरापारा सहित पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए मंगलकारी साबित हो।
महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद वीरेंद्र सिंह तोमर ने भक्तों से मुलाकात की और सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान निश्चल शुक्ला सहित संघर्षशील दुर्गोत्सव समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे पंडाल में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर अपने परिवार, समाज और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
