मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच इंडिया गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और संभावित रूप से आजाद समाज पार्टी (आसपा) के बीच सीट बंटवारे की चर्चाओं ने मेरठ की सियासत में हलचल मचा दी है। गठबंधन की अटकलों के बीच सपा के टिकट के दावेदारों की चिंता बढ़ गई है।
मेरठ की मेरठ दक्षिण, सिवालखास और मेरठ कैंट विधानसभा सीटों पर सपा के एक दर्जन से अधिक नेता लंबे समय से चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। लेकिन अब चर्चा है कि गठबंधन के तहत सिवालखास और मेरठ कैंट सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। ऐसे में सपा नेताओं के सामने टिकट को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है।
सिवालखास और दक्षिण सीट पर सबसे ज्यादा घमासान
सिवालखास सीट से सम्राट मलिक, गौरव चौधरी, नदीम चौहान और वसीम राजा समेत कई नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं मेरठ दक्षिण सीट पर भी कई दावेदार सक्रिय हैं। पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना के नाम की चर्चाओं ने इस सीट का राजनीतिक माहौल और गर्म कर दिया है।
आसपा की एंट्री से बदल सकते हैं समीकरण
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर रही है। यदि आगामी विधानसभा चुनाव में आसपा भी सपा-कांग्रेस गठबंधन का हिस्सा बनती है, तो दलित और मुस्लिम बहुल सीटों पर सीट बंटवारे का नया समीकरण बन सकता है। इससे सपा के हिस्से की सीटें कम होने की संभावना भी जताई जा रही है।
अवतार सिंह भड़ाना की सक्रियता से बढ़ी चर्चाएं
हाल ही में पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने मेरठ पहुंचकर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि यदि मेरठ दक्षिण सीट कांग्रेस के खाते में जाती है तो भड़ाना यहां से चुनाव लड़ सकते हैं।
स्थानीय सपा नेता भी मैदान में
गठबंधन की चर्चाओं के बावजूद सपा के स्थानीय नेता भी पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी में जुटे हैं। सपा महानगर अध्यक्ष आदि चौधरी, डॉ. किशनपाल गुर्जर, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, जितेंद्र गुर्जर और अक्षय जैन अरिहंत जैसे नेताओं के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
अब सभी की नजर सपा, कांग्रेस और संभावित सहयोगी दलों के बीच होने वाले अंतिम सीट बंटवारे पर टिकी है। यही फैसला तय करेगा कि मेरठ की इन अहम विधानसभा सीटों पर किस पार्टी का प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरेगा।
