29.2 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

फिजिक्स ओलंपियाड में भारत की ऐतिहासिक सफलता पर क्षत्रिय करणी सेना ने जताया गर्व, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने दी शुभकामनाएं

Sportsफिजिक्स ओलंपियाड में भारत की ऐतिहासिक सफलता पर क्षत्रिय करणी सेना ने जताया गर्व, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने दी शुभकामनाएं

रायपुर।
इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड (IPhO) 2026 में भारतीय विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर देशभर में खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में क्षत्रिय करणी सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने भारतीय टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय छात्रों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और वैज्ञानिक सोच का शानदार परिचय देते हुए देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।

87 देशों के बीच भारत का शानदार प्रदर्शन

गौरतलब है कि 56वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड (IPhO) 2026 का आयोजन 4 से 12 जुलाई के बीच बुकारामांगा (कोलंबिया) में हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के 87 देशों के 381 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

भारतीय दल ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांचों प्रतिभागियों के लिए स्वर्ण पदक हासिल किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भारत ने शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले देशों में अपनी जगह बनाई, जिसे देश की वैज्ञानिक प्रतिभा का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।

इन विद्यार्थियों ने बढ़ाया देश का मान

प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कनिष्क जैन (पुणे), रिद्धेश अनंत बेंडले (इंदौर), ऋषित गर्ग (नई दिल्ली), श्रेष्ठ सुरैया (मुंबई) और स्वरित जोशी (अहमदाबाद) ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इन विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी भारतीय छात्र अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इसी तरह सफलता का परचम लहराते रहेंगे।

2018 के बाद दोहराया स्वर्णिम इतिहास

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद यह पहला अवसर है, जब भारत के सभी प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय फिजिक्स ओलंपियाड में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। इससे पहले लिस्बन (पुर्तगाल) में आयोजित 49वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में भी भारतीय टीम ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर देश को शीर्ष स्थान दिलाया था।

क्षत्रिय करणी सेना ने इस उपलब्धि को भारतीय शिक्षा व्यवस्था, वैज्ञानिक प्रतिभा और युवाओं की क्षमता का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थियों का सम्मान और प्रोत्साहन पूरे समाज की जिम्मेदारी है। संगठन ने विश्वास जताया कि भारत के युवा भविष्य में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्व स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles