रायपुर। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर क्षत्रिय करणी सेना ने देश-प्रदेश सहित विश्वभर के सनातन धर्मावलंबियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। संगठन ने महाप्रभु जगन्नाथ के श्रीचरणों में विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की।
क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भ्राता भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा की रथयात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का महान प्रतीक है। यह पर्व समाज को प्रेम, भाईचारे, समानता और एकता का संदेश देता है।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि रथयात्रा ऐसा पावन उत्सव है, जिसमें जाति, वर्ग, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का भेद मिट जाता है। इस दिन हर श्रद्धालु एक समान भाव से महाप्रभु के रथ को खींचने और उनके दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने की कामना करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ स्वयं अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर रथ पर सवार होकर भक्तों के बीच आते हैं। यह परंपरा भगवान और भक्त के अटूट प्रेम, समानता और लोककल्याण का संदेश देती है।
डॉ. राजसिंह शेखावत ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से संपूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव, समृद्धि और मानवता की भावना सुदृढ़ हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन पर्व को श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।
करणी सेना ने अपने संदेश में सभी देशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए महाप्रभु जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की।
