18 C
Raipur
Sunday, October 25, 2026

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का अलग वार्ड तैयार

Chhattisgarhस्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का अलग वार्ड तैयार

राजनांदगांव। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। राजनांदगांव शासकीय मेडिकल कॉलेज में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें एक मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। संक्रमण को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आईसीयू में भी बेड आरक्षित किए गए हैं।

स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अतुल देशकर ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दी-खांसी से प्रभावित और बेहद कमजोर मरीजों की पहचान कर उनके स्वाब सैंपल जांच के लिए लिए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण की समय पर पुष्टि हो सके।

जानकारी के मुताबिक, स्टेशनपारा निवासी 24 वर्षीय युवक की स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पहले से स्वाइन फ्लू से संक्रमित शहर के एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। वह मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में वेंटिलेटर पर उपचाराधीन है।

स्वाइन फ्लू के साथ कोविड का मामला भी सामने आया

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी के बीच गुरुवार को कोविड संक्रमण का भी एक मामला सामने आया है। छुरिया निवासी 34 वर्षीय युवक की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे भी शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उसका इलाज किया जा रहा है।

स्वाइन फ्लू और कोविड के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। अस्पताल में आने वाले सर्दी-खांसी और सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

संपर्क में आए लोगों की भी हो रही जांच

स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर जांच-पड़ताल कर रही है। संपर्क में आने वाले लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य अमला लोगों को स्वाइन फ्लू और कोविड के लक्षणों के प्रति जागरूक भी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के लक्षण नजर आने पर समय पर जांच और उपचार कराना जरूरी है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles