32.4 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया फिल्म हब: ‘भारत भाग्य विधाता’ के डायरेक्टर ने टूरिज्म बोर्ड MD से की मुलाकात, चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर बनी रणनीति

Chhattisgarhछत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया फिल्म हब: ‘भारत भाग्य विधाता’ के डायरेक्टर ने टूरिज्म बोर्ड MD से की मुलाकात, चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर बनी रणनीति

रायपुर।

छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। रायपुर में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक (MD) विवेक आचार्य से बॉलीवुड फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के लेखक-निर्देशक मनोज तापड़िया और फिल्म निर्माता आदि शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य में प्रस्तावित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के विकास, इसकी संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरें, घने जंगल और आकर्षक जलप्रपात इसे फिल्म शूटिंग के लिए एक आदर्श स्थान बनाते हैं। इन विशेषताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर राज्य को एक प्रमुख फिल्मिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की रणनीति तैयार की जा रही है।

चर्चा के दौरान चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक समग्र फिल्म परिसर के रूप में विकसित करने पर भी सहमति बनी।
प्रस्तावित फिल्म सिटी में प्री-प्रोडक्शन, शूटिंग, पोस्ट-प्रोडक्शन और अन्य तकनीकी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक हो सके।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के एमडी विवेक आचार्य ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य के फिल्म और पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, वहीं स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय कारोबार को भी इस परियोजना से सीधा लाभ मिलेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि छत्तीसगढ़ को उभरते हुए फिल्म हब के रूप में स्थापित करने के लिए देश-विदेश के प्रमुख फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और प्रोडक्शन हाउस के साथ लगातार संवाद और सहयोग बढ़ाया जाएगा। इससे राज्य में फिल्म निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ फिल्म पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles