26.7 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

पेपर लीक और परीक्षा विवादों पर दिल्ली में फिर उबाल, CJP का आंदोलन आज

Politicsपेपर लीक और परीक्षा विवादों पर दिल्ली में फिर उबाल, CJP का आंदोलन आज

नई दिल्ली। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देशभर में बढ़ रही नाराजगी के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन करेगी। संगठन ने छात्रों, अभ्यर्थियों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को युवाओं की आवाज बताते हुए समर्थकों से थाली और चम्मच लेकर पहुंचने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि यह प्रतीकात्मक विरोध उन लाखों छात्रों की पीड़ा को सामने लाने का प्रयास है, जो वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद परीक्षा प्रणाली में कथित खामियों से प्रभावित हो रहे हैं।

संगठन का आरोप है कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी विवादों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। NEET सहित विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों के बीच CJP परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापक सुधार की मांग कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान संगठन पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही तय करने, भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी प्रदर्शन का अहम हिस्सा रहेगी।

CJP का दावा है कि देश के विभिन्न राज्यों से छात्र और युवा दिल्ली पहुंच रहे हैं। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी CJP कई शहरों में प्रदर्शन कर चुकी है, जहां परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में सुधार को लेकर आवाज बुलंद की गई थी। संगठन का मानना है कि जब तक परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक छात्रों का विश्वास पूरी तरह बहाल नहीं हो सकेगा।

जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं आयोजकों ने भी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles