रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना को एक बार फिर बड़ी खेल जिम्मेदारी मिली है। स्कूल 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक सीबीएसई जोनल फार ईस्ट जोन स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27 (CBSE Zonal (Far East Zone) Skating Competition 2026-27) की मेजबानी कर रहा है। यह प्रतियोगिता सीबीएसई के तत्वावधान में आयोजित हो रही है जिसमें फार ईस्ट जोन के अंतर्गत आने वाले राज्यों छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों के सीबीएसई स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन दो अलग-अलग वेन्यू पर किया जा रहा है। रोड रेस का आयोजन 31 जुलाई 2026 को सुबह 6 बजे से शाम के 6 बजे तक आईपी क्लब, सेक्टर 21, नया रायपुर में संपन्न हुआ। जबकि रिंग रेस का आयोजन कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना परिसर में बने बड़े स्केटिंग ग्राउंड में देर शाम आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ 31 जुलाई शुक्रवार को शाम 5 बजे ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुआ। वहीं समापन समारोह 2 अगस्त रविवार को शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।
केपीएस सरोना की प्रिंसपल अर्चना मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता को लेकर स्कूल में काफी समय से तैयारियां की जा रही थी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए ट्रैक, सुरक्षा, मेडिकल, निर्णायक और अन्य सभी सुरक्षा समेत तमात तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। यह आयोजन फिट इंडिया, खेलो इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के उद्देश्यों को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।
कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना की प्रिंसपल अर्चना मिश्रा ने बताया कि केपीएस सरोना स्कूल में इस तरह के आयोजन होते रहते हैं। स्कूल सिर्फ किताबी पढ़ाई तक सीमित नहीं है बल्कि यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। समय-समय पर खेल, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है, अनुशासन की भावना विकसित होती है और टीम वर्क की सीख मिलती है। जब बच्चे राष्ट्रीय और जोनल स्तर के खिलाड़ियों के साथ एक ही मैदान पर होते हैं तो उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ एक दूसरे से सीखने की प्रवृत्ति भी बढ़ती है। स्केटिंग जैसे खेल से बच्चों में शारीरिक संतुलन, फोकस, तेजी से निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती आती है।
प्रिंसपल मिश्रा ने कहा कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया तथा और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अभियानों को स्कूल पूरी तरह से समर्थन देता है और हमारा उद्देश्य है कि केपीएस सरोना से निकलने वाला हर छात्र पढ़ाई के साथ ही खेल-कूद में भी देश का नाम रोशन करे।
इस चैंपियनशिप में अंडर 11, अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग में बालक और बालिका दोनों वर्गों में क्वाड और इनलाइन स्केटिंग की स्पर्धाएं होंगी। इसमें 300 मीटर, 500 मीटर, 1000 मीटर सहित रिले रेस शामिल हैं।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के लिए कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। सभी रेस आरएसएफआई और सीबीएसई के नियमों के अनुसार होंगी। हर स्केटर को अपनी रेस से 30 मिनट पहले रिपोर्ट करना होगा। एक स्केटर अपने आयु वर्ग में अधिकतम दो इवेंट में ही हिस्सा ले सकेगा। प्रतियोगिता में केवल प्रोफेशनल लो एंकल स्केट्स की ही अनुमति होगी, बेबी और एडजस्टेबल स्केट्स मान्य नहीं होंगे।
सभी स्केटर्स के लिए स्किन टाइट कॉस्ट्यूम और हार्ड हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। प्रत्येक इवेंट में बालक और बालिका वर्ग में पहला और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी सीधे नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगे।
वहीं बारिश के मौसम को देखते हुए आयोजकों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है, जिसकी जानकारी सभी टीमों को ऑफिशियल ग्रुप के माध्यम से दी जाएगी।
