29.2 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

दिल्ली के हीरा हॉस्पिटल से संचालित हो रहा था अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी रैकेट, डॉक्टर समेत 12 आरोपी गिरफ्तार

Crimeदिल्ली के हीरा हॉस्पिटल से संचालित हो रहा था अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी रैकेट, डॉक्टर समेत 12 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय बाल तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए डॉक्टर समेत 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच नवजात शिशुओं को भी सुरक्षित बचाया, जिन्हें गिरोह अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहिणी के बेगमपुर स्थित हीरा कपूर हॉस्पिटल से इस पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। अस्पताल के मालिक डॉक्टर विवेक को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि अस्पताल की आड़ में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का संगठित कारोबार चलाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशाना बनाता था। नवजात शिशुओं को खरीदकर अस्पताल में रखा जाता था और बाद में उन्हें उन दंपतियों को बेच दिया जाता था जो बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए बच्चा गोद लेना चाहते थे। बच्चों की कीमत खरीदार की आर्थिक स्थिति के अनुसार तय की जाती थी।

जांच में पता चला है कि राजस्थान के पाली, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और दिल्ली समेत कई स्थानों से नवजात बच्चों को लाकर अस्पताल में रखा जाता था। पुलिस द्वारा बरामद किए गए पांच बच्चों में चार लड़के और एक लड़की शामिल हैं। इनमें एक नवजात मात्र दो दिन का बताया गया है, जिसे ग्वालियर से लाया गया था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अस्पताल में नवजात और छोटे बच्चों को डे-केयर सुविधा के नाम पर रखा जाता था। गिरोह का नेटवर्क दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें विभिन्न राज्यों के लोग शामिल थे।

बचाए गए सभी शिशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उन्हें जल्द ही बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। दिल्ली पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हाल के वर्षों में सामने आए सबसे बड़े बाल तस्करी मामलों में से एक हो सकता है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित खरीदारों की पहचान करने में जुटी हैं।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles