27.6 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

कोरिया हत्याकांड पर करणी सेना का बड़ा ऐलान, डॉ. राज शेखावत और वीरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में 29 जून को न्याय यात्रा

Chhattisgarhकोरिया हत्याकांड पर करणी सेना का बड़ा ऐलान, डॉ. राज शेखावत और वीरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में 29 जून को न्याय यात्रा

रायपुर। कोरिया जिले के चर्चित कटगोड़ी हत्याकांड को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने न्याय की लड़ाई को और तेज करने का फैसला किया है। संगठन ने 29 जून को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को मजबूत करने का ऐलान किया है। करणी सेना का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

करणी सेना की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में करणी सैनिक कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेगा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।

गौरतलब है कि सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम कटगोड़ी में हुई हिंसक घटना में पूर्व जनपद अध्यक्ष भरत सिंह लल्ला, उनके चचेरे भाई नगेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को भी आग के हवाले कर दिया था। वहीं, घायल मयंक सिंह का उपचार जारी है।

करणी सेना ने इस घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संगठन ने सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत 29 जून को रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर स्वागत के बाद वाहनों के काफिले के साथ प्रतिनिधिमंडल सीधे कोरिया जिले के लिए रवाना होगा। कटगोड़ी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की जाएगी और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग दोहराई जाएगी।

करणी सेना ने समाज के सभी वर्गों से इस न्याय अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रयास जारी रखेगा।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles