रायपुर/कोरिया।
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोरिया ट्रिपल मर्डर मामले में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच के लिए अपनी सहमति प्रदान कर दी है। गृह (सी) विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा-6 के तहत CBI को थाना सोनहत, जिला कोरिया में दर्ज अपराध क्रमांक 65/2026 एवं 66/2026 की जांच का अधिकार सौंप दिया गया है।
सरकार के इस फैसले के बाद अब पूरे मामले की जांच CBI करेगी। लंबे समय से पीड़ित परिवार, स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठन इस मामले में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे थे। CBI जांच को मंजूरी मिलने के बाद न्याय की उम्मीद और मजबूत हुई है।
मामले को लेकर क्षत्रिय करणी सेना छत्तीसगढ़ भी लगातार सक्रिय रही। संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, ज्ञापन सौंपे, धरना-प्रदर्शन किए और न्याय यात्रा के माध्यम से मामले को लगातार उठाया। हाल ही में रायपुर से कोरिया तक निकाली गई न्याय यात्रा में भी संगठन ने CBI जांच की मांग दोहराते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी थी।

CBI जांच की मंजूरी पर वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह फैसला पीड़ित परिवारों के लंबे संघर्ष और समाज की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पीड़ितों को न्याय दिलाना है और दोषियों को सजा मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
करणी सेना ने राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अब CBI की निष्पक्ष जांच से मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल होगी और सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
