नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में एथेनॉल परियोजना के नाम पर करीब 1,200 करोड़ रुपये के चावल घोटाले को अंजाम दिया गया है। खड़गे ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और भाजपा शासन में राज्य “भ्रष्टाचार का पर्याय” बन गया है।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए खड़गे ने कहा कि एक घोटाला खत्म नहीं होता, उससे पहले दूसरा सामने आ जाता है। उन्होंने
आरोप लगाया कि जिस चावल का उपयोग कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए किया जाना था, उसे मुनाफे के लिए एथेनॉल परियोजना से जोड़कर गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि करीब 5 लाख मीट्रिक टन चावल को राइस मिलरों, कथित एथेनॉल माफिया और सरकारी संरक्षण के जरिए इस पूरे कथित घोटाले का हिस्सा बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के अधिकार वाले अनाज का दुरुपयोग किया गया और इसमें सरकारी तंत्र की मिलीभगत रही।
खड़गे ने अपने बयान में हाल ही में सामने आए कथित भूमि मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उज्जैन में प्रस्तावित सरकारी परियोजनाओं और राजमार्गों से जुड़े इलाकों में जमीनों के विस्तार को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी सवाल खड़े किए।
इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने व्यापमं घोटाले, पेपर लीक और अन्य भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में जवाबदेही की कमी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही की व्यवस्था को कमजोर किया गया है।
