27.6 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

भरत तिवारी के परिजनों से मिले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, न्याय का दिलाया भरोसा; बोले- दोषियों पर जल्द होगी कार्रवाई

Indiaभरत तिवारी के परिजनों से मिले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, न्याय का दिलाया भरोसा; बोले- दोषियों पर जल्द होगी कार्रवाई

आरा। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को बिहार के आरा स्थित बिलौटी गांव पहुंचकर कथित एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार की बात विस्तार से सुनी और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मुलाकात के बाद भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने बताया कि चिराग पासवान ने परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि “तीन-चार दिनों के भीतर जिन्होंने अपराध किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और उन्हें सजा दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।”

परिवार का आरोप है कि पुलिस एनकाउंटर के दौरान भरत तिवारी को कई गोलियां मारी गईं। काशीनाथ तिवारी ने कहा कि उन्होंने पूरी घटना की जानकारी चिराग पासवान को दी और न्याय की मांग दोहराई।

भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान परिवार ने चिराग पासवान को कथित घटना से जुड़े वीडियो भी दिखाए। उनके अनुसार, वीडियो में अस्पताल में भरत तिवारी के साथ हुए कथित व्यवहार और पूरी घटना की जानकारी साझा की गई। चंदन तिवारी का कहना है कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि भरत तिवारी को तीन नहीं, बल्कि पांच गोलियां लगी थीं।

वहीं, भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि चिराग पासवान ने दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना गंभीर प्रतीत होती है और यदि किसी के साथ गलत हुआ है तो उसे न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पीड़ित परिवार की बात सुनकर उसे उचित मंच तक पहुंचाना है, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

चिराग पासवान ने कहा, “परिवार को न्याय मिलना हमारी प्राथमिकता है। मैं और मेरी पार्टी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार ने जो बातें हमारे सामने रखी हैं, उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी।”

फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विपक्ष और विभिन्न राजनीतिक दल घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, परिवार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles