बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। उल्टी की शिकायत होने पर सभी को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बीमार लोगों में तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत ज्यादा खराब बताई जा रही है। वहीं, छह साल के एक बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है।
सीएमडी कॉलेज के पास ठेले पर खाया था गुपचुप
जानकारी के मुताबिक, सकरी थाना क्षेत्र के परसदा गांव निवासी महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और परिवार के बच्चों के साथ घूमने के लिए बिलासपुर आए थे। अष्टमी की रात परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप खाया था। इसके बाद सभी अपने घर लौट गए।
बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी की शिकायत हुई और देखते ही देखते परिवार के सात लोग बीमार पड़ गए। स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
अस्पताल में भर्ती सात लोगों में तीन बच्चे शामिल हैं। इन बच्चों की हालत अन्य सदस्यों की तुलना में ज्यादा खराब बताई जा रही है। इनमें छह वर्षीय एक बच्चे को विशेष निगरानी के लिए एनआईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका उपचार जारी है।
एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत गुपचुप खाने के बाद बिगड़ने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद खाने-पीने की चीजों की स्वच्छता और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
