29.2 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

Cyber Fraud: शेयर ट्रेडिंग में 28 महीने में रकम 4 गुना करने का झांसा, ड्राइवर से 19 लाख की ठगी; महिला आरोपी गिरफ्तार

ChhattisgarhCyber Fraud: शेयर ट्रेडिंग में 28 महीने में रकम 4 गुना करने का झांसा, ड्राइवर से 19 लाख की ठगी; महिला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उतई पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी तृप्ति साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी की प्रमुख बताकर लोगों को निवेश पर 28 महीने में रकम चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत तक रिटर्न देने का लालच देती थी।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ड्राइवर की मुलाकात वर्ष 2024 में तृप्ति साहू से हुई थी। आरोपी ने अपने झांसे में लेकर 28 फरवरी 2024 को उससे 5 लाख रुपये नकद निवेश कराए। विश्वास जीतने के लिए करीब एक महीने बाद 45 हजार रुपये रिटर्न भी दिया। इसके बाद पीड़ित ने एक्सिस बैंक से 15 लाख रुपये का लोन लिया और 28 मार्च 2024 को 14 लाख रुपये आरोपी के सहयोगी निखिल पिल्लई के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

आरोपी ने अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त कमाई का भी लालच दिया। इसके चलते पीड़ित ने अपने भाई, दोस्त और एक रिश्तेदार से 4 लाख रुपये लेकर उनके नाम पर भी निवेश कराया। हालांकि, किसी भी निवेशक को तय रिटर्न नहीं मिला।

जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो तृप्ति साहू ने उन्हें पहचानने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों ने उतई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के कई बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निवेशकों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल आरोपी अपने निजी खर्चों में कर रही थी।

पुलिस ने तृप्ति साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, पैन कार्ड, आधार कार्ड और एक कार जब्त की है। मामले में फरार आरोपी निखिल पिल्लई की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles