22.6 C
Raipur
Tuesday, September 29, 2026

Raipur News: भाठागांव बस स्टैंड के पास गांजा के साथ युवक गिरफ्तार 1.25 लाख रुपये का माल जब्त

ChhattisgarhRaipur News: भाठागांव बस स्टैंड के पास गांजा के साथ युवक गिरफ्तार 1.25 लाख रुपये का माल जब्त

रायपुर। राजधानी में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर-1 के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को थाना टिकरापारा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गौरीशंकर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर-1 के पास एक युवक पीले रंग के थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने मौके से संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम शैफ अली उर्फ बाबू जीएसटी, उम्र 31 वर्ष, निवासी बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा बताया। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसके पास मौजूद पीले रंग के थैले की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान थैले के भीतर खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से पैक किया हुआ एक पैकेट मिला। पुलिस के मुताबिक, पैकेट के अंदर गांजा रखा हुआ था। डिजिटल तराजू से वजन करने पर गांजे की मात्रा 2.500 किलोग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

टिकरापारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles