28.3 C
Raipur
Sunday, July 26, 2026

करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर बोले ‘नीरू ढांडा की स्वर्णिम जीत कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के लिए करारा जवाब

Indiaकरणी सेना प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर बोले 'नीरू ढांडा की स्वर्णिम जीत कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के लिए करारा जवाब

इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा की उपलब्धि पर क्षत्रिय करणी सेना परिवार ने खुशी जताई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने उनकी जीत को देश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसे कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति पर करारा प्रहार बताया है।

करणी सेना के नेताओं ने कहा कि नीरू ढांडा इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला शूटर बनी हैं। उनका यह प्रदर्शन केवल खेल जगत की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश की बेटियों के आत्मविश्वास और क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नीरू ने भारत के साथ-साथ अपनी जन्मभूमि हरियाणा और कर्मभूमि मध्य प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है।

नीरू ढांडा का जन्म हरियाणा के जींद जिले के संगतपुरा गांव में हुआ था। वर्तमान में उनका परिवार मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रहता है। वे भारतीय सेना की कॉर्प्स ऑफ मिलिट्री पुलिस में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं और आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट, महू (इंदौर) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, जल्द ही उनका पदोन्नति होकर सूबेदार बनने की संभावना है।

डॉ. राजसिंह शेखावत और वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि करणी सेना नीरू ढांडा का सम्मान करना चाहती है। इसके लिए संगठन उनके परिवार और संबंधित सैन्य अधिकारियों से संपर्क कर सम्मान समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा है।

हरियाणा में लंबे समय से रहे लिंगानुपात और कन्या भ्रूण हत्या के मुद्दे का उल्लेख करते हुए करणी सेना नेताओं ने कहा कि नीरू ढांडा की सफलता उन सभी लोगों के लिए संदेश है, जो बेटियों को बोझ समझते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां अवसर मिलने पर देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर सकती हैं।

करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि “नीरू ढांडा की स्वर्णिम सफलता कन्या भ्रूण हत्या के मुंह पर करारा तमाचा है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि बेटियां ही देश की असली ताकत हैं और समाज को उनके सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए आगे आना चाहिए।”

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles