रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में जुए के पैसों और पांच हजार रुपये की उधारी को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपितों ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या करने के बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए उसका शव रेलवे पटरी पर फेंक दिया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है।
मृतक की पहचान छोटा अशोक नगर निवासी प्रीतम साहू (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रीतम ने निखिल ध्रुव को पांच हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस नहीं करने पर वह लगातार निखिल से पैसे मांग रहा था। इसके अलावा जुए के पैसों के लेनदेन को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
एटीएम से पैसे निकालने के बहाने बुलाया
रविवार 16 अगस्त की रात इसी विवाद को लेकर प्रीतम और निखिल के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि निखिल ने प्रीतम से कहा कि वह रेलवे पटरी के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालकर उसे दे देगा। इसके बाद वह प्रीतम को रेलवे पटरी की ओर ले गया।
पुलिस के अनुसार, वहां पहले से दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू और दो नाबालिग मौजूद थे। सभी ने मिलकर प्रीतम पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव पटरी पर छोड़ा
हत्या के बाद आरोपितों ने पुलिस को गुमराह करने और घटना को ट्रेन हादसा दिखाने के इरादे से प्रीतम के शव को रेलवे पटरी पर छोड़ दिया। इसके बाद सभी आरोपित ओडिशा के टीटलागढ़ भाग गए।
अगली सुबह, सोमवार 17 अगस्त को गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची गुढ़ियारी पुलिस ने शव की पहचान प्रीतम साहू के रूप में की।
शरीर पर मिले धारदार हथियार के निशान
शुरुआत में मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का लग रहा था, लेकिन पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सुराग और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
