27.6 C
Raipur
Saturday, July 25, 2026

कोरिया नरसंहार पर करणी सेना का आक्रोश, न्याय नहीं मिला तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन : वीरेन्द्र सिंह तोमर

Politicsकोरिया नरसंहार पर करणी सेना का आक्रोश, न्याय नहीं मिला तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन : वीरेन्द्र सिंह तोमर

रायपुर/कोरिया। कोरिया जिले में एक ही परिवार के कई निर्दोष सदस्यों की निर्मम हत्या एवं अन्य लोगों पर हुए जानलेवा हमले को लेकर करणी सेना छत्तीसगढ़ ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला जघन्य अपराध बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार लगातार उनके संपर्क में है और परिवार के सदस्यों में गहरा आक्रोश तथा निराशा व्याप्त है। परिवार का आरोप है कि अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

करणी सेना छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट किया है कि वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर अंतिम दम तक संघर्ष करेगी। संगठन ने पीड़ित परिवार से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार का अतिवादी कदम नहीं उठाने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष तोमर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो करणी सेना पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों की भी निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

छत्तीसगढ़ शासन/प्रशासन से करणी सेना छत्तीसगढ़ की स्पष्ट मांग है कि—

  • दोषियों की अवैध संपत्तियों पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई की जाए।
  • दोषियों को फाँसी की सजा दिलाने हेतु सरकार विशेष अभियोजन की व्यवस्था करे।
  • पूरे मामले की जांच उच्च स्तरीय विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए।
  • फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रतिदिन सुनवाई कर शीघ्र फैसला सुनिश्चित किया जाए।
  • दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं सरकारी संरक्षण दिया जाए।
  • मामले की निगरानी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाए ताकि न्याय प्रक्रिया प्रभावित न हो।

वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि यदि इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही, राजनीतिक हस्तक्षेप या न्याय में देरी हुई तो प्रदेश का स्वाभिमानी समाज इसे स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा और न्याय की आवाज गांव-गांव तथा शहर-शहर तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज सवाल केवल एक परिवार का नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधियों में कानून के भय और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास का है। करणी सेना छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

“न्याय नहीं, तो आंदोलन होगा। दोषियों को दंड नहीं, तो जनता जवाब मांगेगी।” — इसी संकल्प के साथ करणी सेना ने न्याय की लड़ाई को अंत तक लड़ने का ऐलान किया है।

जारीकर्ता:
वीरेन्द्र सिंह तोमर
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष
करणी सेना, छत्तीसगढ़

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles