जैजैपुर (सक्ती): जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भोथिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी पर केवल इसलिए जानलेवा हमला कर दिया क्योंकि वह दूसरी शादी करना चाहता था और पत्नी ने घर छोड़ने से इंकार कर दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे की है। आरोपी राजकुमार सहीस अपनी पत्नी सुमन बाई को पसंद नहीं करता था और पिछले करीब पांच साल से परिवार से अलग व्यवहार कर रहा था। वह अक्सर दूसरी शादी करने की जिद करता था और पत्नी पर घर छोड़कर जाने का दबाव बना रहा था।
घटना वाले दिन भी आरोपी ने सुमन बाई को घर से जाने को कहा। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार टांगी (कुल्हाड़ी) से सुमन बाई के सिर पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वारदात के बाद आरोपी टांगी को कमरे में छिपाकर मौके से फरार हो गया था। महिला के बेटे रामलाल सहीस की रिपोर्ट पर जैजैपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।
माम की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम भोथिया के बाहर घेराबंदी कर आरोपी राजकुमार सहीस को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुमन बाई का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
