रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भाठागांव इलाके में जांच के लिए रोके जाने पर टाटा एस वाहन के चालक ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और रास्ते से हटने की धमकी दी। इसके बाद वह वाहन लेकर आगे बढ़ा और यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक नवल किशोर कश्यप को टक्कर मार दी। घटना में टीआई घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोकने पर चालक ने पुलिसकर्मियों से की गाली-गलौज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर रही थी। इस दौरान नया बस स्टैंड भाठागांव यातायात थाना के निरीक्षक एवं प्रभारी नवल किशोर कश्यप अपनी टीम के साथ कुशालपुर चौक से भाठागांव की ओर आने वाली सर्विस रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे।
टीम में प्रधान आरक्षक अभयराव, आरक्षक मनोज सावड़े सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। भाठागांव चौक पर तैनात पुलिसकर्मी भी जांच में सहयोग कर रहे थे। इसी दौरान टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 QC 0865 वहां पहुंचा। निरीक्षक कश्यप ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करने लगा।
धमकी देकर पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर
शिकायत के मुताबिक, चालक ने पुलिसकर्मियों को रास्ते से हटने की धमकी दी और कहा कि नहीं हटे तो गाड़ी चढ़ा देगा। इसके बाद वह वाहन आगे बढ़ाते हुए पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर निकल गया।
चालक को रोकने के लिए निरीक्षक नवल किशोर कश्यप उसके पीछे दौड़े। आरोप है कि इस दौरान चालक ने वाहन को लहराते हुए चलाया और निरीक्षक को टक्कर मार दी। इससे उनके बाएं टखने, घुटने, जांघ और पीठ में चोट आई। घटना के बाद चालक गाली-गलौज करते हुए वाहन लेकर फरार हो गया।
घायल टीआई ने अस्पताल में कराया उपचार
घटना में घायल निरीक्षक नवल किशोर कश्यप ने अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया। इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान आशीष देवांगन, पिता राजकुमार देवांगन, निवासी महादेव तालाब के पास पुराना चंगोराभाठा, थाना डीडीनगर के रूप में हुई।
आरोपी चालक के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज
निरीक्षक की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपी आशीष देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 221, 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जगदंबा तिवारी कर रही हैं।
