छत्तीसगढ़। त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ-साथ जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है। इसी संदेश के साथ राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने नकटी गांव में जरूरतमंद और प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को त्योहार की खुशियों में शामिल करते हुए महिलाओं और बच्चों को उपहार वितरित किए।
दीपावली के अवसर पर वीरेंद्र सिंह तोमर के साथ करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी गांव पहुंचे। यहां संगठन की ओर से महिलाओं को साड़ियां और बच्चों को टी-शर्ट भेंट की गईं। बच्चों को पटाखे दिए गए, वहीं ग्रामीणों के बीच मिठाइयां बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने परिवारों के साथ समय बिताया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
सामग्री पाकर परिवारों में दिखा उत्साह
दीपावली पर मिले उपहारों से नकटी गांव के बच्चों और परिवारों में खुशी का माहौल रहा। बच्चों ने पटाखे और मिठाइयां पाकर उत्साह जताया। महिलाओं को साड़ियां भेंट की गईं, जिससे उनके चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। वीरेंद्र सिंह तोमर ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाया।
खुशियां बांटने की पहल से दिया सामाजिक संदेश
करणी सेना की इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद और प्रभावित परिवारों को दीपावली के उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर सेवा और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाया। इस आयोजन के जरिए संदेश दिया गया कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग तक खुशियां पहुंचें और कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
