25.1 C
Raipur
Sunday, November 22, 2026

मुंगेली जिला न्यायालय में हंगामा, न्यायाधीश को धमकी देने के आरोप में आरोपी पर केस

Chhattisgarhमुंगेली जिला न्यायालय में हंगामा, न्यायाधीश को धमकी देने के आरोप में आरोपी पर केस

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान एक आरोपी ने जमकर हंगामा कर दिया। ट्रक चोरी के मामले में रिमांड के लिए लाए गए भगतराम राजपूत पर आरोप है कि उसने न्यायालय के कटघरे से छलांग लगाकर सीधे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के डायस तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान उसने न्यायाधीश को धमकी दी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नाम पूछने पर भड़का आरोपी, कटघरे से लगाई छलांग

मिली जानकारी के अनुसार, सरगांव पुलिस ने ट्रक चोरी के एक मामले में भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया। बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान जब उससे उसका नाम पूछा गया, तो वह अचानक भड़क गया और विवाद करने लगा।

आरोप है कि इसी दौरान भगतराम कटघरे से कूदकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के डायस तक पहुंच गया। उसकी इस हरकत से न्यायालय में मौजूद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।

CJM को दिखाई उंगली, कांच का फ्रेम तोड़ने का प्रयास

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने न्यायाधीश शत्रुघन कुमार बेलदार को उंगली दिखाते हुए कथित तौर पर धमकी दी और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, उसने डायस पर लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का भी प्रयास किया। इस दौरान न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी किए जाने की बात सामने आई है।

CJM की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

घटना के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

न्यायालय परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles