जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंधक बनाया और अलमारी से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों की तलाश के लिए आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित की है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान उसे छत की ओर से कुछ आहट सुनाई दी। जब वह देखने के लिए बाहर निकली, तो गमछे से चेहरा ढके दो युवक नजर आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों बदमाश घर के अंदर घुस गए और उसे जबरन कमरे में ले गए।
अलमारी की चाबी नहीं मिली तो महिला से की मारपीट
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला से अलमारी की चाबी मांगी। महिला के पास चाबी नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों ने अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी साइकिल से मौके से फरार हो गए।
SP ने गठित की आठ सदस्यीय टीम
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में आठ सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है।
