20.1 C
Raipur
Saturday, November 21, 2026

जनगणना में OBC की गिनती पर कांग्रेस की आपत्ति को लेकर अमरपाल मौर्य का पलटवार, पूछा- ‘तब कहां थी कांग्रेस?’

Chhattisgarhजनगणना में OBC की गिनती पर कांग्रेस की आपत्ति को लेकर अमरपाल मौर्य का पलटवार, पूछा- ‘तब कहां थी कांग्रेस?’

रायपुर। जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की गिनती को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब भाजपा ओबीसी समाज की जनगणना में गिनती की मांग कर रही थी, तब कांग्रेस कहां थी? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद ओबीसी समाज के हितों के लिए पर्याप्त काम नहीं किया और अब जनगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।

‘ओबीसी की बात करने वाली कांग्रेस ने क्या किया?’

भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अमरपाल मौर्य ने कहा कि कांग्रेस वर्षों तक ओबीसी की बात करती रही, लेकिन जब ओबीसी समाज की वास्तविक गिनती की मांग उठाई जाती थी, तब उसका रुख अलग था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब हम ओबीसी की गिनती की बात करते थे, तब कांग्रेस के लोग क्या डफली बजाते थे? आज जनगणना हो रही है, तो कांग्रेस उसमें सवाल उठाती है।”

मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए ओबीसी की भूमिका एक परिवार तक सीमित रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ओबीसी समाज के हितों में काम कर रही है। भाजपा का प्रयास है कि समाज के जिन वर्गों को अब तक पर्याप्त प्रतिनिधित्व और पहचान नहीं मिल पाई, उन्हें आगे लाया जाए।

संगठन को मजबूत करने पर भाजपा का जोर

अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने के लिए काम कर रही है। संगठन की गतिविधियों को मंडल और जिला स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ समाज के बीच जाकर काम करेगी।

उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ओबीसी समाज को साथ लेकर इस दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। पार्टी की कोशिश है कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

बैठक में प्रदेश के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

भाजपा ओबीसी मोर्चा की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य के अलावा प्रदेश ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अशोक साहू, मंत्री ओपी चौधरी और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक-सामाजिक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles